पूरे में प्रदेश में चलाए जा रहे अभियान के तहत श्योपुर में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मदनपुर गांव में अफीम की खेती पकड़ी है। यहाँ घर के पीछे डेढ़ बीघा जमीन में अफीम उगाई गई थी। पकड़ी गई अफीम की कीमत अंतराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ 10 लाख बताई गई है।
बता दें कि, बुधवार की दोपहर बरगवां की थाना प्रभारी रसना राजावत को सूचना मिली कि,मदनपुर गांव में कुछ लोगों ने अपने घर के पीछे तीने महीने पहले डेढ़ बीघा जमीन में अफीम की खेती बोई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे दल-बल के साथ खेत पर दबिश दी, लेकिन वहां अफीम की खेती नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की तो खेत में अफीम के कटे हुए पेड़ों के डूंठ मिले। जिसके बाद शेखरिया से सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने घर के पास ही नाले में दबाकर रखे गए अफीम के पौधे बता दिए। रात भर चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने अफीम की तौल कराई तो उसका बजन 1700 किलो निकला। पुलिस ने फसल जप्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामल में राजस्थान के लोगों का हाथ हो सकता है।