ग्वालियर राजघराने के वारिस और गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को सभी लोग जानते हैं। उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे भी आजकल ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मिलकर चुनाव प्रचार में जुटी हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ज्योतिरादित्यि सिंधिया की बहन कौन हैं। ग्वालियर के महाराज माधवराव सिंधिया के दो बच्चे हैं एक तो ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं और दूसरी उनकी बड़ी बहन चित्रांगदा राजे सिंधिया हैं। चित्रांगदा राजे का जन्म वेलेंटाइन डे के दिन यानी 14 फरवरी 1967 को हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई मुंबई में फिर उसके बाद देहरादून के वेलहेल्म्स स्कूल में हुई। चित्रांगदा की शादी बहुत कम उम्र में यानी सिर्फ 20 साल की उम्र में ही कश्मीर राजघराने के वंशज और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. कर्ण सिंह के बेटे विक्रमादित्य से हो गई थी। शादी के बाद चित्रांगदा कश्मीर चली गईं और यही कारण है कि ग्वालियर और मध्यप्रदेश के लोग उनके बारे में कम ही जानते हैं। हालांकि कश्मीर में भी चित्रांगदा राजे ज्यादा समय तक नही रहीं और 2 साल बाद ही अपने पति के साथ दिल्ली आ गईं। चित्रांगदा के पति विक्रमादित्य होटल के बिजनेस में हैं। चित्रांगदा और विक्रमादित्य की बेटी मृगांका सिंह की शादी पटियाला राजघराने में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाती निर्वाण सिंह के साथ हुई है।