दमोह में पुलिस ने 4 लाख की कीमत का अवैध गांजा पकड़ा है। गांजे के साथ पुलिस ने चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार उड़ीसा से तस्करी करके गांजा मध्यप्रदेश में बेचा जा रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की है। आरोपियों ने बताया की पथरिया से यह गांजा लेकर वह जबलपुर सहित अन्य जिलों में बेचने के लिए ले जा रहे थे। साथ ही आरोपियों ने यह भी बताया कि यह गांजा ट्रेन के माध्यम से उड़ीसा से तस्करी कर लाया गया था। अब पुलिस उन आरोपियों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने उड़ीसा से यह गांजा दमोह पहुंचाया था। मीडिया से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी, साथ ही इस अवैध धंधे में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार करने की बात कही।