जांजगीर चांपा के गांव बघौद में एक व्यक्ति ने पिता के एक्सीडेंट होने की झूठी कहानी बताकर एक 8 साल की बच्ची का किडनैप कर लिया। दरअसल बीती शाम करीब 7.30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति चित्रसेन यादव के घर में आया जहां पर चित्रसेन यादव की पत्नी और 8 साल की बच्ची घर पर अकेली थीं। उस बदमाश ने महिला से कहा कि उसके पति चित्रसेन यादव का एक्सीडेंट हो गया है। वह व्यक्ति 8 वर्षीय बालिका को अपने साथ स्वास्थ्य केंद्र डभरा ले जाने का कहकर ले गया। महिला ने जब अपने पति को फोन लगाया गया तब पता चला कि उसके साथ कोई एक्सीडेंट नहीं हुआ है। बच्ची के किडनैप होने की जानकारी मिलने पर महिला ने आस पास के लोगों को बताया। परिजनों और गांव के लोगों ने आस-पास बच्ची का पता लगाया गया और नहीं मिलने पर पुलिस में खबर की। आम जनता और पुलिस की सक्रियता के कारण किडनैपर बच्ची को ज्यादा दूर नहीं ले जा पाया और गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर ले जाकर सुनसान जगह पर बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में जुटी है।