MP की फायरब्रांड नेत्री और पूर्व मुख्यमंत्री उमाभारती ने दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा है। दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए जाने पर उमा ने कहा कि दिग्विजय सिंह मुसलमानों की देशभक्ति पर शक करते हैं और सोचते हैं कि अगर वो आतंकवादियों का समर्थन करेंगे तो मुसलमान खुश होंगे। उमा का कहना है कि दिग्विजय सिंह और कांग्रेस मुसलमानों का वोट पाने के लिए आतंकवादियों का समर्थन करते हैं। भोपाल में पत्रकारों से चर्चा में उमा ने दिग्विजय सिंह को आरएसएस में शामिल होने की सलाह भी दे दी। उमा भारती का कहना है कि जिस तरह मक्का में मंदिर नहीं बन सकता और जिस तरह वेटिकन सिटी में मस्जिद नहीं बन सकती उसी तरह अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर के अलावा कुछ और नहीं बनना चाहिए। राम मंदिर मामले में कोर्ट में चल रही सुनवाई के बाद मध्यस्थता के सवाल पर उमा भारती ने ये बयान दिया है। उमा भारती ने कहा कि जो लोग राम जन्मभूमि पर मंदिर के साथ मस्जिद बनाने की बाद करते हैं वे खून खराबे को बढ़ावा देना चाह रहे हैं। उमा भारती ने बुंदेलखंड की महत्वाकांक्षी केन-बेतवा लिंक परियोजना जल्द से जल्द शुरु करने की बात भी कही। उमा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें इस मामले में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से बात करने के लिए अधिकृत किया है और जल्द ही इस मुद्दे को लेकर एमपी और यूपी के सीएम बैठकर बात करेंगे। इस परियोजना के शुरू होने के बाद पूरे बुंदेलखंड इलाके में पानी की कोई कमी नहीं रहेगी।