मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह मंगलवार शाम को पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह से मिलने उनके बंगले पहुंचे। इस मुलाकात को लेकर कई सियासी अटकलें शुरू हो गई हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही अजय सिंह के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की अफवाह ने जोर पकड़ा था जिसके बाद अजय सिंह ने सफाई दी थी और कहा था कि ये उनके खिलाफ राजनैतिक साजिश है। मुख्यमंत्री कमलनाथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं और उन्होंने लोकसभा चुनाव तक पीसीसी अध्यक्ष बदलने की संभावना से इनकार भी किया है। लेकिन दिग्विजय की अजय सिंह से मुलाकात को आने वाले लोकसभा चुनाव के अलावा प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से भी जोड़ा जा रहा है। हालांकि अजय सिंह का कहना है कि चूंकि वे दोनों रिश्तेदार हैं इसलिए मिलने आ गए। वहीं दिग्विजय सिंह ने ई टेंडरिंग मामले में पहले से जमे अधिकारियों और कर्मचारियों को हटाने के बाद जांच कराने की बात कही। शिवराज के वीडियो में पीछे आडवाणी की फोटो पर भी दिग्विजय सिंह ने चुटकी ली।