मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का शपथग्रहण समारोह राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान पर होगा। 17 दिसंबर को दोपहर 1.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह रखा गया है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कई प्रदेशों के मुख्यमंत्री, कांग्रेस की सहयोगी पार्टियों के अध्यक्ष और पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी न्योता भेजा गया है। शपथ ग्रहण स्थल जंबूरी मैदान के पास 5 हैलीपैड बनाए गए हैं। कार्यक्रम में सभी धर्मों के धर्मगुरु भी मौजूद रहेंगे। जंबूरी मैदान में तीन डोम बनाए गए हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं पूरे भोपाल सहित जंबूरी मैदान के रास्ते में कांग्रेस नेताओं के बैनर पोस्टर लगे हैं। खास बात ये है कि इसमें कमलनाथ के मित्र रहे संजय गांधी के पोस्टर भी लगाए गए हैं। संभावना जताई जा रही थी कि कमलनाथ के साथ मंत्रीमंडल के सदस्यों का भी शपथ ग्रहण होगा लेकिन कांग्रेस के पदाधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं।