मध्यप्रदेश में खाद को लेकर बवाल मचा हुआ है। भाजपा और कांग्रेस इस मुद्दे को भुनाने में जुट गए हैं। भाजपा जहां प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ अन्याय का आरोप लगाने और खाद उपलब्ध नहीं कराने पर चक्काजाम और धरना प्रदर्शन करने में लगी है वहीं कांग्रेस ने खाद की कमी का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ना शुरू कर दिया है। मुख्मंत्री कमलनाथ ने भी प्रदेश के अधिकारियों के साथ बैठक की वहीं केंद्र सरकार के लोगों से भी मिलकर प्रदेश में खाद की सप्लाई बढ़वाने की कोशिश की। वहीं इस संबंध में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री सदानंद गौड़ा को एक सख्त चिट्ठी लिख डाली है। सिंधिया ने केंद्र सरकार पर पक्षपात करने का भी आरोप लगाया है।