वारासिवनी में पिछले कई महिनों से खनन माफियाओं के सितारे बुलंदियों पर हैं। और क्षेत्र में अवैध उत्खनन का काम धड़ल्ले से चल रहा है। पर बुधवार को प्रदेश के खनिज मंत्री के पुखराज अभियान ने इन माफियाओं की नींद उड़ा दी है। पुखराज अभियान के तहत वारासिवनी एसडीएम रौशन कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने सड़क निर्माण कंपनी के डंप पर छापामार कर अवैध रूप से गिट्टी ले जा रहे 5 डंपरों और 3 जेसीबी मशीनों को जब्त कर लिया है। गौरतलब है कि वारासिवनी से कटंगी तक सीमेंट सड़क का निर्माण लगभग एक साल पहले शुरू किया गया था। पर कंपनी विधानसभा चुनाव के पहले कुछ दूर तक सड़क निर्माण किए जाने के बाद काम छोड़कर यहां से रवाना हो गई। जिसके बाद स्थानीय लोग इस गिट्टी की चोरी कर रहे थे। जिसकी जानकारी कलेक्टर को दी गई। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल टीम ने मामले का प्रकरण तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दिया है।