किसानों का भला करने के लिए लिया गया किसान कर्जमाफी का फैसला अब किसानों को आत्महत्या के लिए प्रेरित कर रहा है। मामला जबलपुर का है जहाँ कर्ज से परेशान एक किसान ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है… इमलिया का रहने वाला भूपत पटेल 2 लाख रुपए के कर्ज से परेशान था। लेकिन मध्य प्रदेश सरकार की किसान कर्ज माफी से उसकी उम्मीद जगी थी। पर आचार संहिता के चलते उस का कर्ज माफ नहीं हो सका। भूपत का लिस्ट में तो नाम था लेकिन समय रहते कागजी कार्रवाई नहीं हो सकी। और उसका कर्ज माफ नहीं हुआ। भूपत पटेल का कहना है कि 2 लाख के कर्ज से वह बेहद परेशान था वहीं दो बार ओला पाला के कारण उसकी फसल बर्बाद हुई थी जिसका फसल मुआवजा भी उसे समय पर नहीं मिल पाया। जिसकी वजह से उसने जहर खाया था। फिलहाल किसान की हालत ठीक है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि वह मामले की जांच कर रही है और किसान से बयान के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।