भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का नाम घोषित होने के बाद अब इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि बीजेपी किसको दिग्गी राजा के खिलाफ मैदान में उतारेगी। दिग्गी राजा की सरकार को सत्ता से बाहर करके प्रदेश की सीएम बनने वाली उमा भारती ने भी ट्वीट करके लिखा है कि दिग्विजय सिंह के बेटे ने उन्हें दिग्गी राजा के खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उमा भारती ने कहा कि वे दिग्विजय सिंह के खिलाफ मैदान में जरूर उतरेंगी लेकिन चुनाव लड़ने के लिए नहीं बल्कि वे दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगी और दिग्विजय सिंह के कार्यकाल की असफलताओं की ओर जनता का ध्यान दिलाएंगी। उमा भारती ने ट्वीट में कई बातों की लिस्ट भी डाली है जो वे दिग्विजय के खिलाफ चुनाव प्रचार करते समय जनता को बताएंगी।
उमा भारती ने लिखा है जब उन्होंने सांसद के रूप में भोपाल के पेयजल संकट का समाधान करना चाहा था तो दिग्विजय सिंह ने उसमें सहयोग नहीं किया था। उमा ने आरोप लगाया है कि दिग्विजय सिंह ने एक झटके में 40 हजार दैनिक वेतन भोगियों को नौकरी से निकाल दिया था। उमा ने अपने ट्वीट में दिग्विजय सिंह के बेटे का नाम जयवर्धन के बजाय राज्यवर्धन लिख दिया था जिसे बाद में सुधार किया।