मध्यप्रदेश में बड़ी राजनैतिक पारी खेल चुके या खेल रहे नेता अब अपनी पत्नियों को भी राजनीति के मैदान में उतारने को तैयार हैं। बल्कि कई नेताओं ने तो पत्नियों को मैदान में उतार ही दिया है और अब इन नेताओं का पत्नियां अपने पति के इलाकों में जनसंपर्क में जुट गई हैं। खास बात ये है कि इन महिलाओं ने इससे पहले राजनीति में कोई बहुत ज्यादा सक्रिय भूमिका नहीं निभाई है। इंदौर लोकसभा सीट की अगर बात करें तो कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी यहां से अपनी पत्नी रेणुका को लोकसभा लड़ाने की फिराक में हैं और रेणुका पटवारी जनता के बीच जाकर संपर्क शुरू कर चुकी हैं। गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से इस बार ज्योतिरादित्य सिंधिया के बजाय उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे के लड़ने की चर्चाएं हैं और प्रियदर्शिनी राजे शिवपुरी में सक्रिय रूप से जनसंपर्क में जुटी हुई हैं। खंडवा लोकसभा सीट से बुरहानपुर विधायक शेरा भैया अपनी पत्नी जयश्री ठाकुर के लिए टिकट मांग रहे हैं और जयश्री ठाकुर भी मैदान में उतर कर जनसंपर्क करने में जुटी हैं। विदिशा लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद सुषमा स्वराज चुनाव नहीं लड़ेंगी और कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह को यहां से भाजपा उम्मीदवार बनाने की मांग की है। राजगढ़ सीट से दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता राय के चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं। हालांकि अमृता राय ने इससे इनकार किया है। वहीं दमोह से पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया की पत्नी सुधा मलैया भी लोकसभा की दावेदार मानी जा रही हैं।