14 फरवरी को वर्ल्ड साउंड हीलिंग डे के मौके पर भोपाल में सामूहिक साउंड हीलिंग मेडिटेशन का नेशनल रिकॉर्ड बना। नागपुर से आई इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम के सामने साउंड हीलर आरती सिन्हा के मार्गदर्शन में कुल 1313 लोगों ने ये रिकॉर्ड बनाया है। इस मेडिटेशन में तिब्बती साउंड उपकरणों के साथ हार्ट चक्र को केंद्रित रखते हुए लगभग 1 घंटे तक मेडीटेशन किया गया। भोपाल में हुआ यह मेडीटेशन दुनिया के दूसरे हिस्सों में हुए मास मेडीटेशन का हिस्सा था। हील अवर अर्थ, हील अवर भोपाल इस मास मेडिटेशन का सूत्रवाक्य था। धरती और पर्यावरण की हीलिंग के लिए किये गए इस मास मेडीटेशन को भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों को समर्पित किया गया। इस मौके पर महापौर आलोक शर्मा, आरूषि से आए बच्चे, क्रिस्प भोपाल के सीईओ मुकेश शर्मा, पूर्व एडिशनल एडीजी ए के श्रीवास्तव और एलएनसीटी समूह की अध्यक्षा पूनम चौकसे और सेक्रेटरी अनुपम चौकसे सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक मौजूद थे।