भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ने कलेक्ट्रेट कार्यालय जाकर नामांकन भर दिया। बगैर किसी तामझाम के पहुंची साध्वी प्रज्ञा ने मुहूर्त के हिसाब से सोमवार 22 अप्रेल को नामांकन भरा है। जबकि कल यानी 23 अप्रेल को वो पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी रैली लेकर औपचारिक रूप से फॉर्म बी के साथ नामांकन भरने जाएंगी। साध्वी सुबह 11 पंडितों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और मुहूर्त में मंत्रोच्चार के बीच नामांकन दाखिल किया। पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता और सांसद आलोक संजर उनके साथ मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक नामांकन भरने से पहले सुबह से ही साध्वी प्रज्ञा ने मौन व्रत धारण कर रखा था। आपको बता दें कि साध्वी प्रज्ञा के सामने कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मैदान में हैं और वे शनिवार को ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं।