लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की तिथि नजदीक आते ही चुनाव प्रचार में तेजी आ गई है। मंगलवार को वारासिवनी में भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा प्रत्याशी ढाल सिंह बिसेन के समर्थन में विजय संकल्प जनसभा का आयोजन किया। यह सभा स्थानीय रानी अवंति बाई स्टेडियम में रखी गई थी। जनसभा में प्रमुख वक्ता के रूप में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री नरोत्तम मिश्रा शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए मिश्रा ने महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। नरोत्तम ने कहा कि महागठबंधन देश को तोड़ने के लिए ही चुनाव लग रहा है। इस दौरान वारासिवनी के कांग्रेस नेता और पूर्व मंडी अध्यक्ष और खैरलांजी के एक कांग्रेस नेता ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिनका फूलों के हार से भाजपा में स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री और बालाघाट विधायक गौरीशंकर बिसेन,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद गोटिया, लोकसभा प्रत्याशी डॉ ढाल सिंह बिसेन, सहित भाजपा के कई नेता शामिल हुए।