सुश्री अनुसुईया उइके ने आज यहां छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राजभवन के दरबार हाल में आयोजित गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में अपने पद की शपथ ली। उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी.आर.रामचंद्र मेनन ने उन्हें शपथ दिलाई। राज्यपाल सुश्री उइके ने हिंदी में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्यपाल सुश्री उइके को पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामनाएं दी। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडि़या, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, भूतपूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, डॉ. रमन सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, प्रेमप्रकाश पाण्डेय, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष नन्दकुमार साय, रायपुर नगर निगम के महापौर प्रमोद दुबे और राज्यपाल के सचिव सुरेन्द्र कुमार जायसवाल सहित अनेक विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, गणमान्य नागरिक और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शपथ के बाद राज्यपाल सुश्री उइके को सशस्त्र बलों ने सलामी दी। शपथ ग्रहण समारोह में अनुसुइया उइके के परिजन भी शामिल हुए।