सनावद में दिखा डॉक्टरों की हड़ताल का असर सिविल अस्पताल में लगी रही मरीजों की भीड़ बंद रहे शहर के प्राइवेट अस्पताल
सनावद में सोमवार को नगर के निजी अस्पतालों के चिकित्सकों की हड़ताल का असर स्वास्थ सेवाओं पर पड़ा। जिससे नगर के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए आए नागरिकों की भारी भीड़ लगी रही। वहीं अस्पताल में भी नागरिक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। बंगाल में डॉक्टर पर हुए हमले के विरोध में नगर के निजी चिकित्सकों ने 1 दिन की हड़ताल रखी। इस दौरान नगर के सभी प्राइवेट अस्पताल बंद रहे। जिससे सिविल अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भारी भीड़ लग गई थी। दोपहर 2 बजे बाद दुगनी संख्या में मरीज अपने उपचार के लिए आए। अस्पताल प्रभारी एएस चौहान ने बताया कि महिला चिकित्सकों के साथ अन्य डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर लगे रहे। जहां पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र से आए हुए मरीजों का उपचार किया गया। यह स्थिति नगर में डॉक्टरों की हड़ताल होने के कारण देखने को मिली। ग्राम जुनापानी से आए राजेश कड़वा ने बताया कि निजी अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल के कारण बच्चे को सिविल अस्पताल लेकर आए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र से आए भूरी बाई जसोदा बाई रेशम बी सहित अनेक महिलाओं ने बताया कि आज दूसरे अस्पतालों के बंद रहने से यहां मरीजों की संख्या अधिक हो गई। जिससे उपचार करवाने में देर लगी रही। वहीं डॉक्टरों की ड्यूटी होने से मरीजों को अपने उपचार में कोई परेशानी नहीं आई। साथ ही दूरस्थ ग्रामो से आये नागरिको भी उपचार करवा कर गए। अस्पताल रिकार्ड के अनुसार सोमवार को करीब 300 से अधिक लोगो की पर्ची बनाई गई। वही निजी डाक्टरो ने हड़ताल रख तहसीलदार रंजना पाटीदार को ज्ञापन सौपा।